सागर- सानौधा पुलिस का छापा,अवैध शराब ₹4.19 लाख की जप्ती, तस्कर गिरफ़्तार, कार भी सीज़ |SAGAR TV NEWS
सागर ज़िले के थाना सानौधा क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा व एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भारत सिंह ठाकुर की टीम ने 180 लीटर अवैध शराब सहित एक आरोपी को गिरफ्तार कर टाटा ZEST कार जब्त की है। शनिवार रात (11 अक्टूबर 2025) पुलिस टीम नियमित कॉम्बिंग गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद टाटा ZEST (क्रमांक MP04TB 1968) दमोह से सागर की ओर अवैध शराब लेकर आ रही है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने ग्राम गिरवर आम रोड पर घेराबंदी की।
कुछ ही देर में संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा। पीछा करने पर कार से दो युवक कूदकर भागने लगे। इस दौरान एक युवक फिसलकर गिर गया, जिसे दबोच लिया गया। पूछताछ में उसका नाम दीपक गोस्वामी पिता शोभाराम गोस्वामी, उम्र 27 वर्ष निवासी सिदगुंवा थाना बहेरिया, जिला सागर बताया गया। उसका साथी ओंकार अहिरवार निवासी रूसल्ला मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी में पुलिस को कुल 20 कार्टून अवैध शराब के मिले। इनमें से 19 कार्टून में 950 पाव (171 लीटर) अंग्रेजी शराब DCR Sagar Gold Grain Whisky और 1 कार्टून में 50 पाव (9 लीटर) देशी शराब Prince Lemon पाई गई। शराब की कुल मात्रा 180 लीटर, जिसकी कीमत लगभग ₹1,19,000/- बताई गई है। जब्त की गई टाटा ZEST कार की कीमत ₹3,00,000/- है। कुल जप्ती ₹4,19,000/- की हुई।
स्थल पर ही शराब के सैंपल लेकर पंचनामा तैयार किया गया। आरोपी दीपक गोस्वामी को गिरफ्तार कर उसके फरार साथी की तलाश शुरू कर दी गई है। थाना सानौधा में आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक भरत सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक बालाराम छारी (विवेचना अधिकारी), सउनि मुलायम सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक 1765 विष्णु प्रसाद, प्रधान आरक्षक 1385 पुरुषोत्तम दास और आरक्षक 1636 जितेंद्र ने अहम भूमिका निभाई।