Sagar- मड़खेड़ा धाम का दिव्य दरबार, जहां प्रार्थना करते है भक्त, सुनते हैं हनुमान जी !
सागर जिले के राहतगढ़ से करीब 13 किलोमीटर दूर, विदिशा रोड पर बसा है श्रद्धा और चमत्कार का केंद्र — श्री मड़खेड़ा धाम। मीरखेड़ी गांव में स्थित यह स्थल आज हजारों लोगों की आस्था का आधार बन चुका है। यहां माना जाता है कि हनुमान जी स्वयं भक्तों की बातें सुनकर उनके जीवन की समस्याओं का समाधान करते हैं।
पिछले तीन वर्षों से यहां हर मंगलवार को दिव्य दरबार लगता है। इस दरबार का संचालन पंडित पवन पराशर करते हैं, जो कहते हैं कि यह स्थान केवल पूजा का स्थल नहीं, बल्कि जीवंत आस्था और विश्वास की शक्ति का प्रमाण है। भक्त यहां आकर खुद हनुमान जी के सामने अपनी समस्या बोलते हैं और समाधान तत्काल बताया जाता है।
बताया जाता है कि वर्षों पहले सिद्ध संत मौनी बाबा यहां पधारे थे, उनकी प्रेरणा से ही यह धाम दिव्य ऊर्जा का केंद्र बना। भक्तों की मानें तो यहां मांगी गई हर सच्ची प्रार्थना स्वीकार होती है।
एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि डॉक्टरों ने गर्भधारण की उम्मीद तक छोड़ दी थी, लेकिन मड़खेड़ा धाम में अर्जी लगाने के बाद उन्हें संतान सुख प्राप्त हुआ। उन्होंने दूसरे बच्चे के बाद वापस आकर प्रसाद चढ़ाकर आभार जताया।
वहीं एक अन्य भक्त ने बताया कि पत्नी का तबादला करवाने के लिए वे महीनों नेताओं और अफसरों के चक्कर काटते रहे, पर नतीजा नहीं मिला। धाम में इच्छा व्यक्त की और कुछ ही दिनों में ट्रांसफर ऑर्डर हाथ में था।
ऐसे अनगिनत चमत्कारों ने इस स्थल को इच्छा पूर्ति धाम बना दिया है। हर मंगलवार यहां सैकड़ों श्रद्धालु दूर-दराज़ से पहुंचते हैं, कोई औलाद की आस में, कोई नौकरी की चाह में, तो कोई स्वास्थ्य और संकट मुक्ति के लिए।
दिव्य ऊर्जा और लोक विश्वास ने मड़खेड़ा धाम को मध्यप्रदेश का अद्वितीय आस्था केंद्र बना दिया है, जहां समाधान न कागज़ों में मिलता है, न सिफारिशों से—बस श्रद्धा से।