सागर- बाघराज वार्ड की छत्रसाल कॉलोनी में 204 आवासों की पड़ताल में 73 अपात्र पकड़े गए |SAGAR TV NEWS|
सागर नगर निगम का एक्शन मोड दूसरे दिन भी जारी रहा। बाघराज वार्ड स्थित छत्रसाल नगर कॉलोनी में निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने लगातार दूसरे दिन औचक निरीक्षण कर अवैध कब्जों और अपात्र व्यक्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दो दिन की जांच में कुल 204 आवासों की पड़ताल की गई। इसमें 73 अपात्र लोग पाए गए, जबकि 103 पात्र व्यक्तियों की पुष्टि हुई और 28 मकान अभी भी नगर निगम के आधिपत्य में मिले।
निरीक्षण के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। कुछ लोगों ने ताला तोड़कर कब्जा किया था, तो कुछ ने केवल 20 हजार रुपए देकर आवास हड़प लिए। कई आवास ऐसे मिले जिन्हें किराए पर दे दिया गया था। किरायेदारों ने बताया कि वे हर महीने 1500 से 2000 रुपए तक किराया चुका रहे हैं। निगमायुक्त ने मौके पर ही सभी अवैध आवासों पर लाल स्याही से “अपात्र” लिखवाया और इनके आवंटन निरस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही इन मकानों पर निगम का ताला लगवाकर आधिपत्य लिया गया।
अब ताला तोड़कर कब्जा करने वालों और 20 हजार रुपए में सौदा करने वालों के खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज कराई जाएगी। वहीं, जिन लोगों ने आवास किराए पर दिए या बेचने की कोशिश की है, उनकी जमा राशि राजसात कर किराए की वसूली भी की जाएगी। निगमायुक्त ने मौके पर एनाउंसमेंट कर रहवासियों से अपील की कि अब किसी भी व्यक्ति को किराया न दें, क्योंकि ये नगर निगम की संपत्ति है।
यदि कोई किराया मांगे तो तुरंत जानकारी दें ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। जल्द ही नगर निगम की ओर से एक शिविर लगाया जाएगा, जिसमें पात्र किरायेदार निर्धारित राशि जमा कर अपने नाम से आवास आवंटित करा सकेंगे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एस.एस. बघेल, प्रभारी कार्यपालन यंत्री संजय तिवारी, उपयंत्री दिनकर शर्मा सहित नगर निगम और पुलिस बल की टीम भी मौजूद रही।