मक्का-सोयाबीन के गिरते दाम पर फूटा गुस्सा, किसानों ने इंदौर रोड पर किया चक्का जाम
एमपी के खंडवा में किसानों ने अपना आक्रोश सड़कों पर उतार दिया। खंडवा-इंदौर रोड पर हजारों किसानों ने चक्का जाम कर दिया। वजह — मक्का और सोयाबीन के गिरते दाम और मंडियों में मनमानी। किसानों का आरोप है कि मंडी में उपज की तुलाई सही से नहीं हो रही, गोदाम दूर हैं और व्यापारियों की मनमर्जी के कारण उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि कल तक मक्का का भाव 1900 रुपये प्रति कुन्तल था,
लेकिन आज यह अचानक 900 से 1100 रुपये पर आ गया। ऐसे हालात में लागत मूल्य भी निकलना मुश्किल हो गया है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम, सीएसपी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इंदौर रोड पर करीब तीन घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और रास्ता दोनों ओर से पूरी तरह ठप हो गया।
किसानों ने बताया कि मंडी में तुलाई के दौरान अतिरिक्त वसूली की जा रही है। कई किसान भावुक होकर बोले कि अगर यही हाल रहा तो खेती छोड़नी पड़ेगी। प्रशासन ने किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। लगातार बातचीत और भरोसे के बाद आखिरकार किसान मान गए और तीन घंटे बाद चक्का जाम समाप्त किया गया।
अपर कलेक्टर अरविंद चौहान ने बताया कि किसानों की शिकायतें सही हैं और इस मुद्दे को लेकर व्यापारियों से वार्ता की जा रही है। जल्द समाधान निकालकर किसानों को राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन किसानों की हर समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।