सागर- खुरई में सफाईकर्मी मर्डर का आरोपी गिरफ्तार, दहशत खत्म करने सड़कों पर निकाला गया जुलूस
सागर जिले के खुरई में बुधवार को ड्यूटी के दौरान सफाईकर्मी के मर्डर से मचे हड़कंप के बाद अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शहर में फैली दहशत को खत्म करने के लिए पुलिस ने आरोपी का सड़कों पर जुलूस भी निकाला। खुरई के संत कंवरदास वार्ड में सफाई मित्र दीपक वाल्मीकि रोज की तरह सुबह सफाई कर रहे थे। तभी अचानक अक्षय सिंधी नाम के युवक ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में दीपक वाल्मीकि की मौके पर ही जान चली गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिससे इलाके में डर और आक्रोश दोनों का माहौल बन गया। जैसे ही घटना की जानकारी पुलिस को मिली, आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू की गई। 24 घंटों से भी कम समय में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की जानकारी सामने आते ही मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन पुलिस ने इस मामले में एक सख्त और प्रभावशाली फैसला लिया। आरोपी की दहशत को खत्म करने और जनता में यह संदेश देने के लिए कि कानून से बड़ा कोई नहीं, पुलिस ने उसे सड़कों पर घुमाकर जुलूस निकाला।
जुलूस के दौरान शहरवासियों ने आरोपी को फटकार और निंदा के स्वरों में देखा। यह न सिर्फ अपराधियों के लिए चेतावनी थी, बल्कि लोगों को भरोसा दिलाने की एक कोशिश भी। खुरई एसडीओपी सचिन परते ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर सागर की विशेष न्यायालय में पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि मर्डर किसी पुराने विवाद का परिणाम नहीं थी, बल्कि घटना स्थल पर ही अचानक विवाद हुआ और युवक ने हमला कर दिया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की और न्याय की उम्मीद जताई। वहीं शहर में यह कार्रवाई कानून के प्रति विश्वास को मजबूत करने वाली मानी जा रही है।