BSF के पुराने कार्गो प्लेन से बनेगा 5 रूम का लग्ज़री कॉटेज, फोटोशूट और स्टे की सुविधा
एयरपोर्ट शुरू होने से पहले ही शहर में कार्गो प्लेन पहुंच गया है। ये कोई आम विमान नहीं बल्कि BSF का बड़ा ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है, जिसे एमपी के उज्जैन के दो भाइयों ने नीलामी में खरीदा है। इस विमान को अब लग्ज़री कॉटेज में बदला जाएगा, जहां मेहमान रुक भी सकेंगे और फोटोशूट भी कर सकेंगे। शहर के शंकरपुर स्थित अनंता विलेज फार्म स्टे के संचालक कुशवाह बंधु — वीरेंद्र और पुष्पेंद्र — स्क्रैप कारोबार से जुड़े हैं। दिल्ली में हुई BSF की नीलामी प्रक्रिया में उन्होंने करीब 40 लाख रुपए में AVERO VT-EAV कार्गो प्लेन खरीदा।
यह विमान 55 यात्रियों की सिटिंग कैपेसिटी वाला रहा है और आकार में भी काफी विशाल है — 15 फीट ऊंचा, 70 फीट लंबा, 100 फीट चौड़ा और लगभग 20 टन वजनी। वीरेंद्र कुशवाह ने बताया कि वे 2011 से सेना का स्क्रैप खरीदते रहे हैं। इससे पहले मिग-21 फाइटर जेट भी उन्होंने स्क्रैप में खरीदा था, जिसे बाद में बेच दिया गया था। लेकिन इस बार प्लेन को स्क्रैप नहीं किया जाएगा। इसे रिनोवेट कर फार्म हाउस पर ही एक अनोखे लग्ज़री कॉटेज में बदला जाएगा।
इस विमान में पांच कमरों का एक डिज़ाइनर कॉटेज बनाया जाएगा। इंटीरियर ऐसा होगा कि लोगों को ठहरते समय विमान जैसा रियल फील मिले। प्लेन की पायलट चेयर, केबिन और कुछ ओरिजिनल पार्ट्स भी सजावट में शामिल रहेंगे। यहां स्टे के साथ-साथ प्री-वेडिंग शूट, फोटोशूट और सेल्फी पॉइंट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। देशभर से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यह एक नई और रोमांचक सुविधा देने की योजना है। कुशवाह बंधु मानते हैं कि यह प्लेन केवल आकर्षण का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि उज्जैन की पहचान को एक नया रूप भी देगा।