सागर- पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने की स्वदेशी खरीददारी, लोगों से की लोकल प्रोडक्ट अपनाने की अपील
सागर जिले के खुरई में दीपावली की रौनक के बीच पूर्व गृह मंत्री एवं स्थानीय विधायक भूपेंद्र सिंह ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक प्रेरक पहल की। उन्होंने शहर के विभिन्न बाजारों में पहुंचकर स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदा और नागरिकों से भी आग्रह किया कि इस त्योहार पर देशी उत्पादों को ही प्राथमिकता दें। त्योहार की चहल-पहल के बीच भूपेंद्र सिंह सीधे सड़कों पर लगी छोटी दुकानों पर पहुंचे, जहां स्थानीय विक्रेता मिट्टी के दीये, गौमाता के श्रृंगार की सामग्री, मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं, झालरें और पूजा सामग्री बेच रहे थे। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों से भी एलईडी झालर और सजावट के उत्पाद खरीदे। खरीददारी के दौरान उन्होंने दुकानदारों से बातचीत की और उनके व्यवसाय की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी भारत अब केवल नारा नहीं, आवश्यकता बन चुका है। त्यौहारों पर लोकल प्रोडक्ट लेने से न सिर्फ छोटे दुकानदारों का घर चलता है बल्कि हमारी संस्कृति और अर्थव्यवस्था दोनों मजबूत होते हैं।” भूपेंद्र सिंह ने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि दीपावली के दौरान मिट्टी के दीपक, पारंपरिक सजावट सामग्री और स्थानीय कारीगरों के उत्पाद अपनाकर ही असली रोशनी हर घर तक पहुंचेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बाजार में उपलब्ध आयातित और प्लास्टिक सामान की बजाय स्वदेशी और प्राकृतिक उत्पादों को प्राथमिकता दें।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित स्ट्रीट वेंडर आज आत्मनिर्भर बन रहे हैं। अगर जनता इनसे खरीददारी करे तो यह योजना और मजबूत होगी। इस मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने भी उनका समर्थन किया और स्वदेशी अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही। पूर्व मंत्री की यह पहल त्योहार से पहले स्थानीय बाज़ारों को नई ऊर्जा देती नज़र आई और लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई।