NCB की बड़ी रेड, अल्प्राजोलम बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, करोड़ों की मशीनें जब्त, 2 गिरफ्तार
एमपी के रतलाम जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। इंदौर NCB नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने रतलाम में एक गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
यह फैक्ट्री प्रतिबंधित अल्प्राजोलम जैसी नशे में उपयोग होने वाली दवा तैयार कर रही थी। यह कार्रवाई जावरा फोरलेन स्थित औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत सेजवता गांव के पास की गई। यहाँ रिलायबल इंडस्ट्रीज के गोदाम में यह गैरकानूनी फॉर्म्युलेशन यूनिट चल रही थी। जहां कागजों पर पैवर ब्लॉक और बिल्डिंग मटेरियल का काम दर्ज था, वहीं अंदर नशे की दवा बनाने का काम लंबे समय से जारी था। NCB की टीम ने छापेमारी में फैक्ट्री के अंदर तैयार की जा रही अल्प्राजोलम की बड़ी मात्रा, करोड़ों की मशीनें, केमिकल्स और पैकिंग सामग्री जब्त की है। शुरुआती जांच में सामने आया कि यहां तैयार की जा रही दवा को दूसरे राज्यों में सप्लाई किया जाता था।
कार्रवाई के दौरान दो मुख्य आरोपी अभिषेक चौहान और रूपसिंह को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह फैक्ट्री पिछले कई महीनों से सक्रिय थी और इसकी आड़ में लाखों की सप्लाई हो चुकी है। फैक्ट्री जिस गोदाम में संचालित हो रही थी, वहां बाहरी तौर पर किसी को शक न हो इसके लिए बिल्डिंग मटेरियल के सामान को ही कवर के रूप में इस्तेमाल किया गया था। NCB की टीम ने मौके से कई दस्तावेज, रिकॉर्ड और डिजिटल डाटा भी जब्त किया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। रतलाम में हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासन और पुलिस भी सतर्क हो गई है। एनसीबी की यह कार्रवाई प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार पर अब तक की बड़ी चोट मानी जा रही है। जल्द ही इस मामले पर आधिकारिक प्रेस नोट जारी किया जा सकता है।