नकली मावा फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, मिलावटी माल ट्रेचिंग ग्राउंड में नष्ट |SAGAR TV NEWS|
दीपावली का त्यौहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, मिलावटखोरों की सांठगांठ भी तेज हो जाती है। लेकिन इस बार खाद्य विभाग ने समय रहते बड़ा एक्शन लेते हुए मिलावट की साजिश पर सीधा प्रहार किया।
जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने एमपी के उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र के बदरखां गांव में चल रही एक भट्टी पर छापा मारा, जहां चोरी-छिपे नकली मावा तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 20 किलो मिलावटी मावा, 235 किलो मिल्क पाउडर और 160 किलो वनस्पति घी जब्त किया। बताया जा रहा है कि यहां रिजवान नामक व्यक्ति लंबे समय से मिलावटी सामग्री तैयार कर शहर में सप्लाई कर रहा था। दीपावली की मांग को देखते हुए यह धंधा तेजी से चलाया जा रहा था।
खाद्य विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से जब्त माल को सीधे आगर रोड स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड ले जाया। वहां रोड रोलर की मदद से पूरा माल सार्वजनिक रूप से नष्ट किया गया, ताकि यह फिर किसी रूप में बाजार में न पहुंच सके। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि मिलावटखोर त्योहारों के समय लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने से भी नहीं चूकते, इसलिए ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
खाद्य अधिकारी बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि जब्त मावा, मिल्क पाउडर और वनस्पति घी के नमूने लेकर लैब जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी गजेन्द्र पंचेरिया ने बताया कि भट्टी संचालक के खिलाफ मिलावटी खाद्य सामग्री बनाना, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
यदि विभाग की यह कार्रवाई देर से होती, तो त्योहार के मौसम में सैकड़ों लोग नकली मावा का शिकार हो सकते थे। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है — मिलावटखोरी करने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं होगी।