सागर- बाइक से बाजार पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह, स्वदेशी सामान खरीदकर दिया लोकल फॉर वोकल का संदेश
सागर से एक अनोखी और प्रेरक तस्वीर सामने आई है। मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत दीपावली के अवसर पर आम जनता की तरह बाइक से बाजार पहुंचे और स्वदेशी वस्तुओं की खरीदी कर लोकल व्यापारियों को समर्थन का संदेश दिया। मंत्री राजपूत अपने आवास से बाइक चलाते हुए निकले और गोपालगंज होते हुए सीधे कटरा बाजार पहुंचे। बिना किसी औपचारिक तामझाम के बाजार में घूमते हुए उन्होंने दुकानदारों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि दीपावली पर अधिक से अधिक स्थानीय और स्वदेशी उत्पाद खरीदें, ताकि छोटे व्यापारी और कारीगर भी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें।
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए मिट्टी के दीए, गोबर से बने दीप, स्वदेशी पटाखे, हस्तनिर्मित पूजा सामग्री, स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र और खाद्य पदार्थों की खरीदी की। उन्होंने दुकानदारों से उनके उत्पादों की क्वालिटी और बिक्री की जानकारी भी ली तथा भरोसा दिलाया कि सरकार स्थानीय व्यापारियों के साथ खड़ी है। कटरा बाजार की गलियों में मंत्री राजपूत को स्वदेशी सामग्री खरीदते देख उनके साथ मौजूद लोगों ने भी खरीदारी की।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, वीरेंद्र पाठक, सुखदेव मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मिलकर लोगों से अपील की कि इस दीपावली पर चीन का सामान छोड़कर अपने देश और अपने जिलों में बने उत्पादों को प्राथमिकता दें। मंत्री राजपूत ने कहा कि “जब हम लोकल खरीदेंगे तभी लोकल मजबूत होगा। त्योहार सिर्फ रोशनी का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की भावना को बढ़ाने का अवसर है।” उन्होंने यह भी कहा कि जब स्थानीय व्यापार फलेगा-फूलेगा तभी आर्थिक आत्मनिर्भरता और खुशहाली हर घर तक पहुंचेगी।