Sagar - दीपावली की रात गढ़ाकोटा में मामूली बात पर बड़ी कहासुनी और फिर कई लोग पहुँचे अस्पताल
सागर में दीपावली की खुशियों के बीच गढ़ाकोटा से आई इस खबर ने सभी को चौंका दिया। थाना क्षेत्र के भगतसिंह वार्ड और सूरजपुरा ग्राम में रविवार देर रात दो अलग-अलग घटनाओं में खूनी संघर्ष हुआ। मामूली विवाद ने इतनी बड़ी तूल पकड़ी कि देखते ही देखते तलवारें चल पड़ीं और दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहली घटना भगतसिंह वार्ड की बताई जा रही है, जहां दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया। बातों-बातों में गाली-गलौज हुई और फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान तलवारों से हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
वहीं दूसरी घटना सूरजपुरा ग्राम की है, जहां दीपावली की रात माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि यहां भी एक छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने बताया कि दोनों घटनाओं में अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस बीच, पीड़ित नरेंद्र जाटव ने बताया कि विवाद बहुत छोटा था, लेकिन दूसरे पक्ष ने अचानक हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
दीपावली जैसे शुभ पर्व पर इस तरह की हिंसक घटनाओं ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें।