सागर-खुरई में नेशनल हाईवे पर पांच घंटे का हंगामा ! लाठीचार्ज की तैयारी से थमा बरोदिया कलां का जाम
मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। मालथौन थाना क्षेत्र के बरोदिया कलां में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत को लेकर परिजनों ने नेशनल हाईवे 44 पर पांच घंटे तक चक्काजाम कर दिया। परिजनों की इस जिद ने न सिर्फ प्रशासन को परेशानी में डाल दिया, बल्कि सैकड़ों वाहन चालक घंटों तक हाईवे पर फंसे रहे। देश के सबसे लंबे नेशनल हाईवे 44 पर पांच घंटे तक जाम लगा रहा। ट्रकों, बसों और एंबुलेंस तक की आवाजाही ठप हो गई।
कई लोग अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाए, वहीं बच्चों और बुजुर्गों को भीषण गर्मी और प्यास से जूझना पड़ा। प्रशासन ने पहले परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने, तो पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया। सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस ने लाठीचार्ज की तैयारी शुरू की, तो परिजनों में हलचल मच गई। जैसे ही उन्हें इस बात की भनक लगी, उन्होंने तुरंत हाईवे से जाम हटाने का फैसला कर दिया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हुआ और राहत की सांस ली गई।
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस और प्रशासनिक अमले ने संयम बरतते हुए भीड़ को शांतिपूर्वक हटाया। मामला एक नाबालिग की संदिग्ध मौत से जुड़ा है, जिसके चलते परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। अशोक यादव, थाना प्रभारी मालथौन ने बताया कि हमने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पांच घंटे तक चले इस हंगामे के बाद पुलिस की सख्त कार्रवाई की तैयारी ने आखिरकार काम किया — और वही हो गया, जो घंटों की समझाइश से भी नहीं हो पाया।