Sagar- देवरी में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का शिकंजा, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट, होगी सख्त कार्रवाई !
सागर जिले के देवरी से बड़ी खबर — अब प्रशासन ने अवैध कॉलोनाइज़रों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। एसडीएम मुनव्वर खान के निर्देश पर राजस्व विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है। देवरी नगर और ग्रामीण इलाकों में तेजी से पनप रही अवैध कॉलोनियों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी है।
लंबे समय से इन कॉलोनाइज़रों पर कार्रवाई न होने के कारण उनके हौसले बुलंद थे। कई जगहों पर कॉलोनाइज़र बिना अनुमति के कृषि भूमि पर कॉलोनी विकसित कर भूखंडों की बिक्री कर रहे थे। रेरा (RERA) की मंजूरी के बिना ये कॉलोनियाँ बनाई जा रही हैं — न सड़कें, न नाली, न बिजली की व्यवस्था। खरीदारों को भविष्य में रजिस्ट्री और स्वामित्व से जुड़ी कानूनी दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं।
प्रशासन ने पाया है कि ऐसे प्रकरणों से शासन को करोड़ों रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है। अब एसडीएम मुनव्वर खान ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तीन दिन के भीतर सभी अवैध कॉलोनियों की पूरी रिपोर्ट तैयार की जाए। इसके लिए तहसीलदार प्रीति रानी चौरसिया ने सभी पटवारियों को आदेश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों की निर्माणाधीन और विकसित कॉलोनियों की सूची तत्काल सौंपें।
प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन जल्द ही एफआईआर दर्ज करने और संबंधित भूमि जब्त करने की कार्रवाई कर सकता है। एसडीएम ने कहा है कि अब किसी भी कॉलोनाइज़र को शासकीय नियमों की अवहेलना करने की छूट नहीं दी जाएगी।
देवरी क्षेत्र में प्रशासन का यह कदम शहरी विकास और भूमाफिया नियंत्रण की दिशा में बड़ा एक्शन माना जा रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में कौन-कौन से बड़े नाम इस जांच के दायरे में आते हैं।