किसान बनकर पहुंचे विधायक, सरकारी खाद गोदाम पर मचाई खलबली ! |SAGAR TV NEWS|
एमपी के शिवपुरी जिले के पोहरी से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है — जहां विधायक खुद किसान बनकर सरकारी खाद गोदाम का जायजा लेने पहुंच गए। जी हां, हेलमेट पहनकर और आम किसानों की तरह कपड़े पहने पोहरी विधायक कैलाश कुशवाहा अचानक गोदाम पर पहुंच गए, जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारी और दबंग किसानों में हड़कंप मच गया। दरअसल, विधायक को लगातार शिकायत मिल रही थी कि सरकारी खाद वितरण में गड़बड़ी की जा रही है। कुछ दबंग लोग लाइन तोड़कर गोदाम से मनमाने ढंग से खाद ले जा रहे थे, जबकि सैकड़ों गरीब किसान घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे थे।
इन शिकायतों की सच्चाई जानने के लिए विधायक ने खुद किसान का रूप धारण किया। जब वे मौके पर पहुंचे, तो न तो एसडीएम मौजूद थे और न तहसीलदार। किसानों ने विधायक के सामने ही बताया कि खाद दिलाने के नाम पर ₹500 तक की रिश्वत मांगी जा रही है। यह सुनकर विधायक भड़क उठे और मौके पर ही अधिकारियों को फोन लगाया। विधायक ने कहा — “यह शर्मनाक है कि किसानों से लूट हो रही है, जो भी अधिकारी या कर्मचारी इसमें शामिल पाया जाएगा, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गोदाम के बाहर लंबी कतारों में खड़े किसानों ने विधायक के इस कदम का स्वागत किया। किसानों का कहना था कि पहली बार कोई जनप्रतिनिधि उनकी समस्या समझने किसान बनकर मैदान में उतरा है। कैलाश कुशवाहा, विधायक पोहरी विधानसभा ने बताया कि किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति या अधिकारी इसमें भ्रष्टाचार कर रहा है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पोहरी के इस ‘खाद जांच अभियान’ ने साफ कर दिया कि अगर जनता की शिकायतें सच्चाई पर आधारित हों, तो एक जिम्मेदार नेता किसान बनकर भी भ्रष्टाचार की जड़ों तक पहुंच सकता है।