पुलिस का कड़ा एक्शन, दिवाली पर शांति भंग करने वालों पर गिरी गाज, किन्नर और युवकों पर हुई कार्रवाई
एमपी के उज्जैन के नागदा में दिवाली पर्व के अवसर पर हुई कानून व्यवस्था भंग की घटना में पुलिस ने तुरंत और सख्त कार्रवाई की है। जिले के थाना नागदा क्षेत्र में ओझा कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी में किन्नर समुदाय और स्थानीय रहवासियों के बीच विवाद हुआ, जिसमें बर्तनों और लाठियों का इस्तेमाल किया गया और कई नागरिकों को चोटें भी आईं। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने तुरंत पुलिस बल रवाना किया और मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी तथा शांति बनाए रखने की चेतावनी दी।
इसके बावजूद उत्पात मचाने वाले और कानून भंग करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में शामिल प्रमुख आरोपी इस प्रकार हैं। इंदिरा कॉलोनी निवासी, लखन पिता गोपाल प्रजापत, उम्र 25 वर्ष, राधेश्याम पिता देवचंद, उम्र 45 वर्ष, रोहित पिता महेश्वरी, उम्र 25 वर्ष, राहुल पिता पप्पु महेश्वरी, उम्र 30 वर्ष, ओझा। कॉलोनी एवं बिरलाग्राम के किन्नर समुदाय, हनी गुरु करिश्मा, उम्र 23 वर्ष, करिश्मा चौहान गुरु कुमकुम बाई, उम्र 28 वर्ष, ममता पुरी उर्फ पिंटू गुरु पिंक प्रजापत, उम्र 26 वर्ष, जोया उर्फ गुरु पुनम जान, उम्र 36 वर्ष, सुमित कुमार सांखला, पिता महेश चंद्र, उम्र 23 वर्ष।
सभी आरोपी हिरासत में लिए गए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने कहा कि दिवाली के दौरान शांति, सद्भावना और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अराजकता या उत्पात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। नागदा पुलिस का संदेश शांति और सद्भावना से मनाएं त्योहार — कानून व्यवस्था भंग करने वालों के लिए पुलिस रहेगी सतर्क और सख्त।