शराब दुकान पर स्कूली छात्राओं का वीडियो आया सामने, कलेक्टर ने दिए सख्त जांच के आदेश |SAGAR TV NEWS|
मध्यप्रदेश के मंडला जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नैनपुर के एक शराब दुकान पर स्कूली छात्राओं द्वारा शराब खरीदे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो वायरल होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। वायरल वीडियो में कुछ नाबालिग छात्राएँ यूनिफॉर्म में नजर आ रही हैं, जो दुकान से शराब खरीदती दिखाई दे रही हैं। इस घटना ने प्रशासन की शराब दुकानों पर निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम आशुतोष ठाकुर ने मौके पर पहुँचकर दुकान का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। एसडीएम आशुतोष ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नाबालिगों को शराब बेचे जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि यह लाइसेंस की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आबकारी विभाग को भी इस पूरे मामले में विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।
मामले की जानकारी लगते ही जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडे की टीम भी मौके पर पहुँच गई। उन्होंने बताया कि जिले से एक विशेष जांच टीम नैनपुर भेजी गई है जो सीसीटीवी फुटेज की गहराई से जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर दुकान संचालक पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
डॉक्टर अशोक मर्सकोले, कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने इस घटना को प्रशासन की बड़ी लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि जब छात्राएँ इतनी आसानी से शराब खरीद रही हैं तो यह प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल प्रशासन इस पूरे मामले की जांच में जुट गया है। अब देखना होगा कि शराब ठेकेदार और संबंधित अधिकारी पर कब तक कार्रवाई होती है।