Sagar- एफआईआर कराने पर घर के बाहर किया हंगामा, आरोपियों के बिच्छू गिरोह से जुडे़ होने का आरोप
सागर जिले में पुलिस की निष्क्रियता से अपराधी बेलगाम हो गए हैं। बीते दिनों कोतवाली थाना के पुरव्याऊ टौरी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू कटर से हमला हुआ था। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ सकी हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि शिकायत करने के बाद शुक्रवार की रात पीड़ित के घर पहुंचकर हंगामा कर दिया।
इसके बाद पीड़ितों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है शिकायती आवेदन में गया कि भगवत कथा में हुए मामूली विवाद के बाद हमने तब चुप्पी साध ली, लेकिन आरोपी लगातार जान से मारने की धमकियां देते रहे। जिसके बाद 22 अक्टूबर को निर्भय और उसका छोटा भाई काम से बाजार जा रहे थे। तभी मौका देखकर आरोपी गौरव रैकवार, ऋषि रैकवार और रौनक रैकवार ने घात लगाकर शाम करीब साढ़े सात बजे चाकू और कटर से हमला कर दिया
पीड़ित परिवार का आरोप है कि थाने में दर्ज शिकायतों पर पुलिस की सुस्ती के कारण अपराधी बेखौफ होकर लगातार धमकियां दे रहे हैं। चाकूओं से हमले में निर्भय को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई, लेकिन केवल सामान्य धाराएं लगाई गईं। न ही कोई गिरफ्तारी हुई।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी अवैध शराब बिक्री में लिप्त हैं और बिच्छू गैंग से जुडे हैं। अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, सख्त धाराओं में मुकदमा और परिवार को सुरक्षा की मांग की।