सागर- जेल प्रहरी का घर भी नहीं सुरक्षित! चोरों ने तोड़े ताले, उड़ाए जेवर और नकदी”
सागर जिले के बीना क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मामला खिमलासा कस्बे से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने जेल प्रहरी के सूने घर को निशाना बनाया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, खिमलासा की नई बस्ती में रहने वाले प्रशांत दुबे, जो निवाड़ी जिले में जेल प्रहरी के पद पर पदस्थ हैं, कुछ दिनों पहले दशहरा मनाने के बाद निवाड़ी वापस लौट गए थे। इसी बीच, उनके घर पर चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने पहले मुख्य दरवाज़े का ताला तोड़ा, फिर घर के अंदर रखी अलमारी और पेटियों के ताले भी तोड़ डाले।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसी सौरभ रिछारिया ने घर के गेट का ताला टूटा देखा। उन्होंने तुरंत प्रशांत दुबे को फोन पर सूचना दी। जब प्रशांत ने अपने रिश्तेदारों से जांच करवाई, तो पता चला कि घर में रखे पत्नी के चांदी के जेवर और करीब दस हजार रुपये नकद चोरी हो चुके हैं। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और चोर आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसे अपराधों पर रोक लग सके। फिलहाल, खिमलासा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।