Sagar- किसानों का फूटा गुस्सा ! खाद वितरण में गड़बड़ी पर भानगढ़ रोड पर जाम
सागर जिले के बीना में किसानों का गुस्सा एक बार फिर सड़क पर फूट पड़ा। खाद वितरण में अनियमितता और मनमानी के आरोपों को लेकर किसानों ने सुबह भानगढ़-बीना रोड पर जाम लगाकर जमकर प्रदर्शन किया। मामला बिहरना गोदाम का है, जहां किसानों का कहना है कि उन्हें खाद के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन कुछ लोग राजनीतिक दबाव में पहले ही खाद ले जाते हैं। किसानों ने बताया कि शाम गोदाम कर्मचारियों ने यह कहकर वितरण बंद किया था कि सुबह खाद दी जाएगी।
लेकिन जब किसान सुबह-सुबह पहुंचे, तो काउंटर बंद मिले। घंटों इंतजार के बाद भी जब वितरण शुरू नहीं हुआ, तो किसानों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने भानगढ़-बीना रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि टोकन व्यवस्था के बावजूद खाद की सप्लाई किसी “चहेते” लोगों को बाजू से कर दी जाती है। किसानों ने यहां तक कहा कि कुछ भाजपा नेता भी बीच में आकर खाद ले जाते हैं, जबकि आम किसान दिनभर लाइन में लगा रह जाता है। इससे नाराज़ किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही किसान नेता इंदर सिंह मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे करीब 140 किसानों की सूची तैयार कर प्रशासन को सौंपी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सोमवार को सबसे पहले इन्हीं किसानों को खाद दी जाएगी। करीब एक घंटे तक चले जाम के बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर खाद वितरण में पारदर्शिता नहीं लाई गई, तो आंदोलन और बड़ा होगा। फिलहाल प्रशासन सोमवार को व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दे रहा है।