सागर में झमाझम बारिश से मौसम में बदलाव, अरब सागर के डिप्रेशन का असर, अगले 4 दिन तक रहेगा बरसात का दौर
सागर जिले में सोमवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब 9 बजे से शाहगढ़ और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। अरब सागर में सक्रिय डिप्रेशन का असर अब मध्यप्रदेश तक पहुंच गया है, जिससे पूरे जिले में ठंडक और नमी का माहौल बन गया है।
सोमवार सुबह से ही आसमान में घने बादलों का डेरा था, और हल्की बूंदाबांदी से वातावरण में ठंडक घुल गई थी। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम पूर्व-मध्य अरब सागर में बना डिप्रेशन है, जो लगातार नमी खींचते हुए सागर, दमोह, टीकमगढ़ और आसपास के जिलों में बारिश का सिलसिला बनाए रखेगा।
रविवार और सोमवार दोनों दिन सागर शहर समेत ग्रामीण इलाकों में रुक-रुक कर हुई बारिश से खेतों में पानी भर गया है। कई जगहों पर मक्का की फसल भीगने से नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
बारिश के चलते रात के तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को सागर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम पारा 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले चार दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
इस बीच कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी तैयार फसलों और अनाज को ढककर रखें ताकि बारिश से नुकसान न हो। जिले के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश के चलते लोगों को सुबह दफ्तर और स्कूल जाने में परेशानी हुई।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अरब सागर में एक नया चक्रवाती सिस्टम बनने की संभावना भी है, जिससे बारिश का असर और बढ़ सकता है।
सागर जिले में ठंडी हवाओं और झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ा दी है — फिलहाल आसमान में बादल छाए हैं और अगले चार दिन तक राहत के आसार नहीं!