Sagar- पंचायत में फर्जीवाड़े की परतें खुलीं, कागज़ों में हुई पुताई, दीवारें अब भी गंदी !
सागर जिले की जनपद पंचायत शाहगढ़ के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत अमरमऊ एक बार फिर चर्चाओं में है। यहां फर्जीवाड़े की हदें पार कर दी गई हैं। पंचायत भवन की पुताई कागज़ों में पूरी, लेकिन दीवारों पर एक छींटा रंग तक नहीं!
जानकारी के मुताबिक, पंचायत भवन की पुताई का कार्य 10 दिन पहले दर्ज किया गया है, जिसमें लगभग 100 किलो पेंट और 10 बोरी पुट्टी का उपयोग दिखाया गया है। इतना ही नहीं, 9,800 रुपये मजदूरी भी 17 अक्टूबर 2025 को खाते में डाल दी गई। लेकिन ग्रामीणों को न तो कोई रंग दिखा, न कोई पुताई का निशान।
खबर लगते ही उपसरपंच बाबू यादव मौके पर पहुंचे और हालात देख दंग रह गए। उन्होंने हमारी टीम से साफ कहा कि न तो पुताई हुई है और न ही सफाई। वहीं वार्ड क्रमांक 2 के पंच मुकेश जैन, जिनकी किराने की दुकान पंचायत भवन के सामने है, ने बताया कि मजदूर नहीं मिले और सिर्फ खानापूर्ति की गई। उन्होंने कहा कि अगर 10 दिन में पुताई नहीं हुई, तो पंचायत खुद दोषी मानी जाएगी। ग्रामीण राजेश यादव और अच्छे नामदेव ने भी पुष्टि की कि “यहां रंग-रोगन तो दूर, सफाई तक नहीं की गई है।
जब इस मामले में जनपद पंचायत शाहगढ़ की सीईओ श्रीमती पूजा सोलंकी से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। ग्रामीणों का कहना है कि यह तो सिर्फ एक उदाहरण है, अमरमऊ पंचायत में ऐसे कई कार्य हैं जिनमें सिर्फ कागज़ों पर विकास दिखाया गया है।
अब बड़ा सवाल यही है । आख़िर जनता का पैसा ऐसे ही कब तक बर्बाद होता रहेगा? क्या प्रशासन इस बार सच में कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी फाइलों में दब जाएगा? अमरमऊ पंचायत की दीवारें गवाही दे रही हैं । फाइलों में रंग चढ़ा, ज़मीनी सच्चाई अब भी फीकी है।