MP के रीवा से उड़ेगा 72 सीटर विमान! पायलट बनेगा विंध्य का लाल, आज होगा ATR-72 का ट्रायल
एमपी के रीवा के विंध्यवासियों का वर्षों पुराना इंतज़ार अब इतिहास बनने जा रहा है। रीवा एयरपोर्ट से आज पहली बार 72 सीटर ATR-72 एयरक्राफ्ट अपनी ऊँची उड़ान भरेगा। यह वह क्षण है, जिसका सपना पूरा विंध्य देखता आ रहा था। खास बात यह कि इस ट्रायल उड़ान का कमान संभालेंगे रीवा के लाल पायलट राघव मिश्रा। यह पूरे रीवा के लिए गर्व और उत्साह का अद्भुत संगम है। जानकारी के मुताबिक आज मंगलवार को ATR-72 विमान दोपहर करीब 12 बजे जबलपुर से उड़ान भरकर रीवा एयरपोर्ट पहुंचा । इसके बाद लगभग 1:30 बजे रनवे ट्रायल के साथ यात्रियों को लेकर फिर जबलपुर के लिए उड़ान भरी।
एविशन एक्सपर्ट्स इसे विंध्य के लिए बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं क्योंकि इससे क्षेत्र को नई हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी और दूर-दराज की यात्रा भी आसान होगी। यहां यह बताना जरूरी है कि 2024 में 9 सीटर विमान से शुरू हुआ सफर, कुछ ही महीनों में 19 सीटर पर पहुंचा और अब 72 सीटर बड़े एयरक्राफ्ट के संचालन तक पहुंच गया है। यानी विंध्य की उड़ान लगातार ऊंची होती जा रही है।
रीवा के 40 वर्षीय पायलट राघव मिश्रा ने अपनी स्कूली शिक्षा रीवा में ही पूरी की और उसके बाद बेंगलुरु में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। फिर 2014 में जॉर्डन में पायलट ट्रेनिंग लेने के बाद एयर इंडिया में सेवाएं दीं। आज उनका यह उपलब्धि पूरे विंध्य को गौरवान्वित कर रही है। राघव के छोटे भाई उदित नारायण मिश्रा ने बताया कि प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही 1 नवंबर से सप्ताह में तीन दिन नियमित उड़ानें शुरू होंगी।
उन्होंने कहा कि आज विंध्य दोहरी खुशी मना रहा है — पहले बड़े विमान की सौगात और दूसरा उसका पायलट विंध्य का बेटा। 2024 से पहले यहां सिर्फ हवाई पट्टी थी। प्रदेश और केंद्र सरकार के प्रयासों से 500 करोड़ की लागत से नया एयरपोर्ट तैयार हुआ और अब रीवा आसमान में अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराने जा रहा है। आज जब ATR-72 रनवे पर दौड़ेगा…तो उसका हर कदम विंध्य की तरक्की का नया उड़ान-पत्र लिखेगा!