मोथा तूफान और ठंडी हवाओं से बदला मौसम, तापमान 20 डिग्री पर पहुंचा
एमपी के उज्जैन में मौसम ने आखिरकार करवट ले ली है। बुधवार सुबह से ही शहर में ठंडी हवाओं का असर महसूस किया गया। आसमान में बादलों की मौजूदगी और हल्की सिहरन ने लोगों को पहली बार इस सीजन में ठंड का अहसास कराया। सुबह से ही हल्की ठंडी हवाएं चलने लगीं और आसमान में घने बादल छाए रहे। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। लोगों ने अब गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक से दो दिन तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मोथा तूफान को जिम्मेदार बताया जा रहा है। इस तूफान का असर पूरे देशभर में देखा जा रहा है। कई राज्यों में बादल छाए हुए हैं तो कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की गई है।
वहीं उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने भी तापमान को नीचे गिरा दिया है। उज्जैन में मंगलवार को तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। दिन और रात दोनों समय ठंडक का असर बढ़ गया है। डॉ. राजेन्द्र गुप्त, अधीक्षक, जीवाजीराव वेधशाला के मुताबिक, मोथा तूफान के कारण हवाओं की दिशा बदल गई है और नमी बढ़ने से बादल छाए हुए हैं। अगले एक-दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है, इसके बाद आसमान साफ हो सकता है। मौसम के इस बदलाव ने उज्जैन में सर्दी की आहट दे दी है। अब शहरवासी भी धीरे-धीरे सर्दियों के मूड में नजर आने लगे हैं।