AI से कलेक्टर के साथ फर्जी फोटो बनाने वाला युवक आया सामने, कलेक्ट्रेट में किया माफीनामा जारी!
एमपी के सागर संभाग के दमोह में बीते दिनों कलेक्टर के साथ AI का उपयोग कर बनाई गई फर्जी फोटो का मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है।
जिस युवक ने यह तस्वीर बनाई थी — दिनेश जाटव, अब खुद सामने आकर माफीनामा वीडियो जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, कुछ दिन पहले युवक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के साथ अपनी एक फर्जी फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी।
फोटो में ऐसा दिखाया गया था जैसे युवक कलेक्टर से मुलाकात कर रहा हो। यह तस्वीर देखते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और हर तरफ इस पर चर्चा शुरू हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने इसे गंभीर फर्जीवाड़ा बताते हुए एसपी दमोह को पत्र लिखकर वैधानिक कार्रवाई की सिफारिश की थी। इसके बाद युवक दिनेश जाटव पर कानूनी कार्रवाई की तलवार लटकने लगी।
अब युवक का माफीनामा वीडियो सामने आया है, जो कलेक्ट्रेट परिसर में ही रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है। वीडियो में दिनेश जाटव ने साफ तौर पर कहा कि उसने अनजाने में गलती की और किसी को बदनाम करने या भ्रम फैलाने का इरादा नहीं था।
वह अब जनता और प्रशासन से माफी मांग रहा है। दिनेश जाटव, फर्जी फोटो बनाने वाला युवक ने वीडियो जारी कर कहा कि मैंने गलती से AI से फोटो बनाई थी। किसी की छवि खराब करने का इरादा नहीं था। मैं माफी मांगता हूं।
अब सवाल यह है कि क्या दमोह कलेक्टर युवक की माफी स्वीकार करेंगे या फिर कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी? देखना होगा प्रशासन इस पूरे प्रकरण को उदाहरणात्मक चेतावनी के रूप में लेता है या सहानुभूति के साथ माफ करता है।