सागर- डेयरियों पर निगम की सख्ती, अब कटेंगे नल कनेक्शन, चलेगा टोंटी लगाओ अभियान!” |SAGAR TV NEWS|
सागर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री लगातार शहर की स्वच्छता और जल संरक्षण को लेकर सक्रिय हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को उन्होंने कृष्णगंज वार्ड का निरीक्षण किया और अवैध रूप से संचालित डेयरियों पर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने उन डेयरी संचालकों के नल कनेक्शन कटवाए, जिन्होंने अब तक अपनी डेयरियों को शहर से बाहर हफसिली परियोजना स्थल पर स्थानांतरित नहीं किया था। आयुक्त ने साफ कहा कि शहर की सीमा के भीतर डेयरी संचालन अब पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे डेयरी संचालकों को किसी भी प्रकार की नगर निगम सुविधा नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डेयरी से बहने वाला गंदा पानी और अपशिष्ट शहर की स्वच्छता को गहराई से प्रभावित कर रहा है।
राजकुमार खत्री, आयुक्त, नगर निगम सागर ने बताया कि पानी का बहाव सिर्फ बर्बादी नहीं, बल्कि यह गंदगी और बीमारी की जड़ है। इसी के साथ सागर नगर निगम ने “नलों में टोंटी लगाने का अभियान” शुरू किया है। निगमायुक्त ने कृष्णगंज की गलियों में पहुंचकर स्वयं नलों की जांच की और जिनके नलों में टोंटी नहीं थी, वहां मौके पर टोंटी लगवाई। उन्होंने कहा कि यदि हर घर में टोंटी लग जाए, तो हजारों गैलन पानी रोज बचाया जा सकता है।
निगम द्वारा चार वार्डों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जिन पर नागरिक पानी की बर्बादी या लीकेज की शिकायत कर सकते हैं। आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करें। पानी बचाना केवल सरकार का नहीं, हर नागरिक का कर्तव्य है। बूंद-बूंद बचाने से ही आने वाली पीढ़ियों को जीवनदायिनी जल मिल सकेगा।”