सागर- बीना-खुरई हाईवे पर मचा हड़कंप! तेज रफ्तार बोलेरो से बचने के चक्कर में 18 टायर ट्रक पलटा!
सागर जिले के बीना-खुरई मार्ग पर देर रात एक भीषण हादसा हो गया। एक 18 टायर का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे के वक्त सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि बड़ा नुकसान होने से टल गया। मिली जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार की देर रात लगभग 12 बजे बीना-खुरई हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक 18 टायर ट्रक बीना से सागर की ओर जा रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार बोलेरो कार बिना नियंत्रण के आ रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चालक ने शराब पी रखी थी और उसकी रफ्तार काफी तेज थी। सामने से आ रही बोलेरो को देखकर ट्रक चालक ने अपने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ट्रक सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर बीना थाना पुलिस और ट्रैफिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा कराया और रास्ता खाली करवाया। बताया जा रहा है कि ट्रक में सीमेंट से भरा माल लदा था, जो हादसे के बाद खेत में बिखर गया। घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए बीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
बोलेरो चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की सीसीटीवी फुटेज और नंबर प्लेट के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बीना थाना प्रभारी ने बताया कि बोलेरो चालक शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।