मां की गोद में लौटी मासूम, जिला अस्पताल से चोरी हुई नवजात को पुलिस ने सागर से किया बरामद !
एमपी के शिवपुरी जिला अस्पताल से चोरी हुई नवजात बच्ची आखिरकार सुरक्षित अपनी मां की गोद में लौट आई। इस पूरे घटनाक्रम ने जहां शहर में सनसनी फैला दी थी, वहीं पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से यह मामला सुखद अंत तक पहुंचा। दरअसल, कुछ दिन पहले जिला अस्पताल शिवपुरी से एक अज्ञात महिला नवजात को चोरी कर ले गई थी। मामले के सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान की और लगातार पीछा करते हुए उसे सागर जिले से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने चोरी हुई नवजात को सागर के अस्पताल में सुरक्षित रखा और सभी आवश्यक स्वास्थ्य जांच पूरी करने के बाद बच्ची को शिवपुरी लाया गया। शाम को भावनात्मक माहौल में नवजात को उसकी मां के सुपुर्द किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सहित शहर के कई जनप्रतिनिधियों ने पुलिस के इस सराहनीय कार्य के लिए डीआईजी ग्वालियर अमित सांगी, शिवपुरी एसपी और सागर एसपी का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की तारीफ करते हुए “पुलिस जिंदाबाद” के नारे लगाए। डीआईजी अमित सांगी ने जानकारी दी कि आरोपी महिला को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या यह महिला किसी बच्चों की तस्करी गिरोह से जुड़ी है। अमित सांगी, डीआईजी ग्वालियर रेंज ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। यदि इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीआईजी ने यह भी बताया कि इस उत्कृष्ट कार्य के लिए शिवपुरी और सागर एसपी को डीजी द्वारा पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।