Sagar - ई-अटेंडेंस के बिना वेतन के निर्देश मिलते ही शिक्षक पुराने ढर्रे पर, 4 स्कूल मिले बंद, 26 शिक्षक गैरहाजिर
सागर में ई-अटेंडेस के आधार पर ही अक्टूबर माह का वेतन देने का आदेश प्रभारी जेडी ने जारी किया तो शिक्षक संगठन इसके विरुद्ध एकजुट हो गए। मामले में सागर से भोपाल तक चले ज्ञापनों के दौर के बाद आखिर दस दिन में यह आदेश जेडी ने निरस्त कर दिया। इसके बाद शिक्षक फिर बेफिक्र हो गए हैं। उनकी यह बेफिक्री गुरुवार को डीईओ सहित अन्य अफसरों के औचक निरीक्षण में सामने आई, जहां 3 स्कूलों में ताले लटके मिले। जबकि 26 शिक्षक अनुपस्थित मिले
15 नियमित और 11 अतिथि शिक्षक शामिल हैं। कलेक्टर संदीप जीआर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, सहायक संचालक एमके चढ़ार, एपीसी अभय श्रीवास्तव ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया। सुबह 10.30 बजे से लेकर 11.30 बजे के बीच हुए निरीक्षणों में यह स्थिति सामने आई।
डीईओ अरविंद जैन ने अनुपस्थित लोकसेवकों का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई करते हुए संबंधितों की एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रवाह से रोकने के संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए।
एकीकृत माध्यमिक शाला बिलहनी, विकासखंड बंडा बंद मिली। शिक्षक मोहनलाल अहिरवार, ज्योति सूर्यवंशी, देशराज चढ़ार, धर्मेन्द्र चौबे एवं अतिथि शिक्षक सुरेश कुमार डेहरिया एवं रामकुमार अहिरवार अनुपस्थित पाए गए। शासकीय प्राथमिक शाला मड़ैया गोड़, विकासखंड राहतगढ़ में शिक्षक विद्यु, शबाना आजमी अनुपस्थित थीं। विद्यार्थियों की उपस्थिति शून्य थी। स्कूल में मात्र एक शिक्षक उपस्थित थे।
शासकीय माध्यमिक शाला मड़ैया गोड़, विकासखंड राहतगढ़। निरीक्षण के दौरान संस्था बंद मिली। शिक्षक नीलिमा पालीवाल, अशोक चढ़ार, विनीत कुमार गुप्ता अनुपस्थित थे। विकासखंड बीना में शासकीय
सांदीपनी मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक निधि कटारे एवं सुनील जैन अनुपस्थित पाए गए।
विकासखंड केसली अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल खमरिया में शिक्षक संतोष कुमार खटीक, वर्षा सेनी, अतिथि शिक्षक श्याम सिंह, सरोजदेवी घोषी, ऋषिकेश पाराशर, शशिकांत यादव एवं पिट्टे विश्वास सहित पूरा स्टाफ अनुपस्थित पाया गया। 50 से अधिक विद्यार्थी इधर-उधर घूमते मिले।
शासकीय हाईस्कूल देवरी नाहरमउ में कार्यरत प्रभारी प्राचार्य अनुराधा द्विवेदी, शिक्षक भगवान सिंह दांगी, अतिथि शिक्षक रीना दांगी, शिवानी लोधी, सुषमा तिवारी एवं रामू तिवारी अनुपस्थित थे। 50 से अधिक विद्यार्थी इधर उधर घूमते मिले