सागर- बंडा में खाद वितरण में गड़बड़ी! किसानों से यूरिया की बोरी पर वसूले जा रहे 3.50 रुपए ज़्यादा !
सागर जिले के बंडा से किसानों की जेब पर डाका डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ कृषि उपज मंडी में किसानों से यूरिया खाद की बोरियों पर सरकारी रेट से अधिक वसूली की जा रही है। ठंड के मौसम में फसलों पर खाद डालने का समय है, लेकिन किसानों को न्याय के बजाय परेशानी मिल रही है। बंडा नगर की कृषि उपज मंडी में सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लगी रहती हैं।
किसान ठंड में ठिठुरते हुए भी अपनी बारी का इंतज़ार करते हैं ताकि उन्हें समय पर खाद मिल सके। लेकिन जब उनकी बारी आती है, तो उन्हें झटका लगता है — क्योंकि 266 रुपये 50 पैसे की सरकारी दर वाली यूरिया बोरी 270 रुपये में दी जा रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि जो किसान इस अतिरिक्त वसूली पर सवाल करता है, उसे खुल्ले पैसे लाने के बहाने लाइन से वापस भेज दिया जाता है। शुक्रवार को मौके पर कई किसानों ने बताया कि यह वसूली पिछले कई दिनों से चल रही है।
किसान गोविंद पुरैया ने कहा कि चार बोरी यूरिया के लिए उन्होंने 1066 रुपये के बजाय 1080 रुपये चुकाए। वहीं, किसान राहुल यादव और शिवराज यादव ने इसे खुलेआम अवैध वसूली बताते हुए प्रशासन से जांच की मांग की है। इस मामले पर कृषि विस्तार अधिकारी यू.एस. अहिरवार ने कहा कि यदि किसानों से अतिरिक्त राशि ली जा रही है तो इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अधिक वसूली की शिकायत तुरंत विभाग में करें ताकि उचित कदम उठाए जा सकें।