सांसद के थप्पड़ से गूंजा समारोह! हवा में अटकी क्रेन, भड़के गणेश सिंह ने ऑपरेटर को जड़ा थप्पड़
एमपी के सतना में सरदार पटेल जयंती कार्यक्रम के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है। सांसद गणेश सिंह ने सबके सामने नगर निगम के क्रेन ऑपरेटर को थप्पड़ मार दिया। वजह — माल्यार्पण के दौरान क्रेन हवा में झटके से रुक गई और सांसद कुछ सेकंड के लिए ऊपर अटक गए। यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, शुक्रवार सुबह सांसद गणेश सिंह ने रन फॉर यूनिटी में शामिल होने के बाद सेमरिया चौक पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इसके लिए वे नगर निगम की हाइड्रोलिक क्रेन में सवार हुए थे। प्रतिमा पर माला चढ़ाने के बाद जैसे ही क्रेन नीचे आ रही थी, मशीन झटके से बीच में ही रुक गई। सांसद कुछ देर हवा में अटके रहे। नीचे आने के बाद सांसद ने गुस्से में ऑपरेटर गणेश कुशवाहा को पास बुलाया, उसका हाथ पकड़कर नाराजगी जताई और थप्पड़ जड़ दिया। घटना के समय भाजपा कार्यकर्ता, अधिकारी और नागरिक मौजूद थे। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मामले पर भाजपा नेत्री नीता सोनी ने सांसद के समर्थन में बयान दिया और कहा — “सांसद ने तो केवल थप्पड़ मारा है, उसके तो हाथ-पैर तोड़ देने चाहिए थे। सांसद गिर जाते तो कौन जिम्मेदार होता?” वहीं, ऑपरेटर गणेश कुशवाहा ने बताया कि क्रेन की क्षमता केवल दो लोगों की है, लेकिन उस वक्त तीन लोग केबिन में सवार थे, जिससे झटका लगा।
उन्होंने थप्पड़ को “सहज प्रतिक्रिया” बताते हुए कहा कि ये सब चलता है। दूसरी ओर कांग्रेस ने इसे भाजपा नेताओं का अहंकार और दंभ बताया है। प्रवक्ता अभिनव बरौलिया ने कहा — “सांसद द्वारा कर्मचारी को थप्पड़ मारना बताता है कि भाजपा अब जनता नहीं, सिर्फ अहंकार की पार्टी बन चुकी है।