Sagar - ओवर ब्रिज पर रेलिंग तोड़ते हुए 15 फीट नीचे पहुंची बोलेरो, अस्पताल से लौट रहा था परिवार
सागर शहर में शनिवार रात मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया जहां राहतगढ़ रेलवे ओवरब्रिज से बेकाबू बोलेरो 8 फीट नीचे गिर गई। उसमें सवार 4 लोग बाल-बाल बच गए। जैसे ही बोलेरो बहककर नीचे गिरी तो 2 साल की बच्ची बाहर फिंक गई और नाली में जा गिरी। उसकी दादी व माता-पिता बोलेरो में दब गए। जिन्हें पुलिस और आसपास के लोगों ने सुरक्षित निकाल लिया।
गनीमत रही कि नाली में गिरी बच्ची व तीनों सवारों को ज्यादा चोट नहीं आई। दरअसल, गिरने के बाद बोलेरो पलट गई, लेकिन वह चपटी नहीं हुई। जिससे उसमें बैठी सवारियों की जान बच गई। हादसे में बोलेरो के ड्राइवर की लापरवाही सामने आई है। वह बहक गया था। बेकाबू बोलेरो ने एक बाइक को भी टक्कर मारी थी। डर के कारण चालक मौके से फरार हो गया। मोतीनगर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जिला अस्पताल पहुंची घायल बसंती ठाकुर ने बताया कि वह बीना की रहने वाली है। कुछ दिन पहले उनकी बहू का ऑपरेशन हुआ था। बहू, बेटा व 2 साल की नातिन के साथ हम लोग किराए की बोलेरो से सागर बहू के टांके कटवाने आए थे। रात करीब 8 बजे बीना लौटते समय वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। था
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि सूचना पर तत्काल टीम मौके पर भेजकर घायलों को अस्पताल भिजवाया है। शुक्र है कि किसी को ज्यादा चोट नहीं आई। ड्राइवर की तलाश चल रही है।