Sagar-बुलडोजर की गूंज ! संविधान चौक से मोतीनगर तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, नया सागर जल्द दिखेगा
सागर में विकास की राह पर नगर निगम का बुलडोजर लगातार गरज रहा है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री के नेतृत्व में बीते एक सप्ताह से शहर में अतिक्रमण हटाने की मुहिम जोरों पर है। संविधान चौक धर्मश्री से लेकर मोतीनगर चौराहा रोड चौड़ीकरण की जद में आने वाले सभी अवैध निर्माणों को हटाने की ऐतिहासिक कार्रवाई जारी है,
और खास बात यह है कि इसमें रहवासी भी निगम को पूरा सहयोग दे रहे हैं। रविवार को भी बुलडोजर की गड़गड़ाहट सागर की सड़कों पर सुनाई दी। बी.एस. जैन परिवार और बुंदेला परिवार के सहयोग से उनके मकानों और बाउंड्रीवॉल को निगम अमले ने हटाया। कई रहवासियों ने तो आगे बढ़कर अपना अतिक्रमण खुद ही हटाया, जिससे निगम को अलग से बल प्रयोग नहीं करना पड़ा।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि यह अभियान सागर के नागरिकों और शहर के भविष्य के लिए है। उन्होंने बताया कि संविधान चौक से मोतीनगर तक बनने वाली यह नई सड़क न सिर्फ चौड़ी होगी, बल्कि इसके निर्माण से ट्रैफिक सुगम होगा, विकास के नए रास्ते खुलेंगे और लोगों को एक नया सागर देखने को मिलेगा। खत्री ने कहा कि कई नागरिकों ने मेरी अपील पर स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाए हैं,
जो सागर के जागरूक नागरिक होने का परिचायक है। उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरे अभियान में किसी भी बाहरी बल की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि स्थानीय रहवासी खुद आगे आकर सहयोग कर रहे हैं। सागर नगर निगम का यह अभियान शहर को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। राजघाट से मोतीनगर तक फैलता सागर अब तेजी से “स्मार्ट सिटी” की दिशा में बढ़ रहा है।