खाद केंद्र पर किसानों का फूटा गुस्सा! बे-होश हुआ किसान, टोकन वितरण में मचा हंगामा और तोड़फोड़
एमपी के अशोकनगर में खाद वितरण के दौरान हालात उस वक्त बेकाबू हो गए, जब एक किसान लाइन में बेहोश होकर गिर पड़ा। किसान की हालत देख आक्रोशित भीड़ ने केंद्र पर जमकर हंगामा कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि किसानों ने कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी — गेट और खिड़कियों तक को नहीं छोड़ा। यह पूरा घटनाक्रम सोमवार को अशोकनगर की पुरानी कृषि उपज मंडी में डीएपी खाद के टोकन वितरण के दौरान हुआ। किसानों की लंबी लाइनें लगी थीं, कई किसान सुबह से ही टोकन लेने के लिए खड़े थे।
इसी दौरान गर्मी और धक्कामुक्की के बीच एक किसान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। यह देखते ही किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने खाद वितरण केंद्र में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। गुस्साए किसानों ने कार्यालय के गेट और खिड़कियों पर पत्थर फेंके, लातें मारीं, जिससे कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस बल हालात को काबू में लाने में जुट गया। कुछ देर बाद अफसरों ने समझाइश देकर किसानों को शांत कराया और बेहोश किसान को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान, तहसीलदार भारतेंदु यादव, नायब तहसीलदार शंभू मीना और कृषि उपसंचालक अमित सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को पास के पार्क में इकट्ठा किया और नए सिरे से टोकन वितरण शुरू करवाया। हालांकि हंगामे के दौरान एक कर्मचारी से किसी व्यक्ति द्वारा टोकन का बंडल छीनने की बात भी सामने आई है। अधिकारियों ने 24 नवंबर तक के लिए टोकन वितरित किए जाने की पुष्टि की है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन घटना ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।