सागर संभाग की बेटी से बोले मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, तुमने देश का नहीं, दिल भी जीत लिया !
भारत की महिला क्रिकेट टीम द्वारा आईसीसी वर्ल्ड कप 2025 जीतने के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। इस ऐतिहासिक जीत में मध्य प्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर जिले के घुवारा गांव की बेटी क्रांति गौड़ ने भी अहम भूमिका निभाई है। टीम की इस बड़ी जीत के बाद खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने खुद फोन पर क्रांति गौड़ से बात कर उन्हें जीत की बधाई दी और उनके साहस व मेहनत की सराहना की। मंत्री श्री राजपूत ने कहा —यह हमारे देश और प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।
बेटियों ने साबित कर दिया कि बुंदेलखंड की मिट्टी में प्रतिभा और जज़्बे की कोई कमी नहीं। आपने भारत ही नहीं, पूरे विश्व में बुंदेलखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने आगे कहा कि जब क्रांति गौड़ अपने गृह जिले लौटेंगी, तो उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। फोन पर हुई बातचीत में क्रांति गौड़ ने मंत्री जी को धन्यवाद देते हुए कहा, “मुझे गर्व है कि मैं बुंदेलखंड की बेटी हूं। यह जीत हमारी पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है, और खुशी है कि हमने देश को गौरवान्वित किया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सदैव खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते आए हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने क्रांति गौड़ को एक करोड़ रुपये के सम्मान की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह जीत हर बेटी के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने की हिम्मत रखती हैं।
पूरे देश और प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है। सागर से लेकर छतरपुर तक लोग ड्रम बजाकर, मिठाई बांटकर इस जीत का जश्न मना रहे हैं। मंत्री राजपूत ने कहा —यह सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि बेटियों की शक्ति और नए भारत के आत्मविश्वास की पहचान है।