₹88 लाख का ऑनलाइन फ्रॉड कांड!, ज्वेलर्स और बैंक डिस्ट्रीब्यूटर गिरफ्तार, पुलिस ने खोला बड़ा फर्जीवाड़ा
एमपी के कटनी से बड़ी खबर —थाना कोतवाली पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश किया है, जिसमें लाखों रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है — संगीता ज्वेलर्स के संचालक रवि पाहूजा और फिनो बैंक के डिस्ट्रीब्यूटर रवि रावलानी। जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने फर्जी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के ज़रिए 88 लाख रुपए की रकम को गोल्ड ट्रेडिंग के माध्यम से कैश में बदलने की साजिश रची थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक ट्रांजेक्शन की तकनीकी खामियों का फायदा उठाकर डिजिटल पेमेंट्स को असली दिखाते थे और उसके बदले नकद रकम वसूलते थे।
पूरा मामला तब खुला जब सराफा बाजार निवासी अरुण कुमार गोयनका के बैंक खाते में अचानक 4 लाख रुपए का होल्ड लग गया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट, गोल्ड ट्रेडिंग रिकॉर्ड्स और बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल्स मिले, जिनसे 88 लाख रुपए के ऑनलाइन फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ। फिलहाल, दोनों आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है। वहीं, सायबर सेल की टीम भी तकनीकी साक्ष्य जुटाने में जुटी है ताकि पूरे नेटवर्क की कड़ियाँ जोड़ी जा सकें। पुलिस को शक है कि इस धोखाधड़ी में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।
कटनी कोतवाली टीआई रखी पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके मोबाइल और कंप्यूटर जब्त किए गए हैं। तकनीकी जांच के जरिए इस फ्रॉड नेटवर्क की पूरी परतें खोली जाएंगी। कटनी पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया है, और लोग अब ऑनलाइन ट्रांजेक्शन को लेकर अधिक सतर्कता बरतने की बात कर रहे हैं।