अस्पताल में रील का हंगामा ! मरीजों के बीच फिल्मी गानों पर झूमी बघेली कलाकार
एमपी के रीवा के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल संजय गांधी अस्पताल से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। जहां मरीजों की भीड़ और इलाज का माहौल होना चाहिए, वहां एक युवती फिल्मी गानों पर रील बनाती हुई नज़र आई। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन सकते में है। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो में दिख रही युवती का नाम शैलू शर्मा बताया जा रहा है, जो बघेली कलाकार हैं। वीडियो में शैलू अस्पताल के अंदर फिल्मी गानों पर पोज़ और डांस करती दिखाई दे रही हैं।
रील उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की गई थी, जिसे अब सैकड़ों लोग शेयर कर रहे हैं। गौरतलब है कि संजय गांधी अस्पताल विंध्य का सबसे बड़ा अस्पताल है, जहां रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। यहां आम दिनों में मरीज के साथ सिर्फ एक अटेंडर को ही अंदर जाने की अनुमति होती है। ऐसे में अस्पताल परिसर के अंदर रील बनना कई सवाल खड़े कर रहा है — आखिर ये वीडियो शूट करने की अनुमति किसने दी? और सुरक्षा व्यवस्था कहां चूक गई?
अस्पताल के माहौल में जहां लोग जीवन और मृत्यु के बीच जूझ रहे होते हैं, वहां मनोरंजन के नाम पर इस तरह की गतिविधि को लेकर लोगों ने नाराज़गी जताई है। वायरल वीडियो के बाद अब अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया है। यत्नेश त्रिपाठी, सीएमओ संजय गांधी अस्पताल ने बताया कि अस्पताल में रील बनाना अनुचित है। यह जगह मरीजों की सेवा के लिए है, न कि सोशल मीडिया कंटेंट के लिए। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
रील संस्कृति अब अस्पतालों तक पहुंच चुकी है, जहां कैमरा सामने आते ही संवेदनशीलता पीछे छूट जाती है। अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है — क्योंकि सवाल सिर्फ एक रील का नहीं, बल्कि अस्पताल की गरिमा का है।