सागर में रचा इतिहास ! पहली बार देव दीपावली का भव्य आयोजन, लाखों दीपों से झिलमिलाई लाखा बंजारा झील
सागर शहर ने इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर इतिहास रच दिया! नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के नवाचार से सागर में पहली बार देव दीपावली का भव्य आयोजन हुआ। लाखा बंजारा झील के तट पर एक लाख से अधिक दीपकों की झिलमिल रोशनी, रंगीन सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी ने सागर को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आभा से सराबोर कर दिया। देव दीपावली उत्सव का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद लता वानखेड़े, महापौर संगीता तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया।
झील किनारे जैसे ही एक लाख दीप जले, दृश्य बनारस की देव दीपावली की तरह अद्भुत और मनमोहक हो गया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा — “सागर की यह देव दीपावली अयोध्या की दीपावली की झलक दे रही है। यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
वहीं निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बताया कि यह कार्यक्रम जनभागीदारी का उत्सव बन गया है। उन्होंने कहा — “लाखा बंजारा झील सागर की आत्मा है, और अब यह आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान बनेगा।” कार्यक्रम में गंगा आरती, आतिशबाजी, और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं और नागरिकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के बाद सिर्फ एक घंटे में चकराघाट की सफाई कर नगर निगम ने स्वच्छता का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। सागर की ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील पर लाखों दीपों की रोशनी ने साबित कर दिया — जब संकल्प हो जनभागीदारी का, तो हर शहर बन सकता है काशी जैसा उजाला।