Sagar-नौरादेही में लौटी जंगल की रौनक! 153 ब्लैक बक को मिला अपना पुराना घर, वन विभाग ने बढ़ाई सुरक्षा
सागर जिले के नौरादेही टाइगर रिजर्व से एक बेहद सकारात्मक खबर सामने आई है। प्रदेश के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व नौरादेही में वन विभाग ने 153 काले हिरण यानी ब्लैक बक को उनके पुराने प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ा है। यह कदम प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
वन विभाग के मुताबिक, अफ्रीका से आई एक विशेषज्ञ टीम ने प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से ब्लैक बक को एकत्रित किया और सावधानीपूर्वक नौरादेही के विस्तृत ग्रासलैंड क्षेत्र में छोड़ा। एक समय यहां बड़ी संख्या में ब्लैक बक देखे जाते थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यह संख्या घटती जा रही थी। अब दोबारा इन्हें उनके पुराने घर में बसाने की कोशिश शुरू की गई है।
रिजर्व का विशाल घास का मैदान और प्राकृतिक वातावरण ब्लैक बक के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छोड़े जाने के बाद हिरणों के झुंड खुले मैदानों में स्वाभाविक रूप से विचरण करते दिखाई दे रहे हैं, जो रिजर्व के पारिस्थितिक संतुलन के लिए शुभ संकेत है।
वन विभाग ने इनकी सुरक्षा के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं, जो 24 घंटे निगरानी रख रही हैं ताकि किसी भी तरह की शिकार या अनहोनी की घटना को रोका जा सके। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में नौरादेही में चीते भी छोड़े जाएंगे, और ब्लैक बक उनका प्राकृतिक शिकार बनकर वन्यजीव संतुलन को और मजबूत करेंगे।
डॉ. ए.ए. अंसारी, DFO, रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व, सागर ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण के तहत 153 ब्लैक बक को नौरादेही के प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया है। इनकी सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। यह कदम रिजर्व के जैविक संतुलन को मजबूत करेगा।
नौरादेही टाइगर रिजर्व में काले हिरणों की वापसी न केवल जंगल की रौनक लौटा रही है, बल्कि यह वन्यजीव संरक्षण की दिशा में मध्यप्रदेश की एक ऐतिहासिक पहल भी बन गई है।