सागर- ड्यूटी से लौट रहे रेलवे कर्मियों की बाइक को लोडिंग आपे ने मारी टक्कर, एक की मौत- एक गंभीर !
सागर जिले के खुरई में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। ड्यूटी से लौट रहे दो रेलवे कर्मचारियों की बाइक को तेज रफ्तार लोडिंग आपे ने टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि एक कर्मचारी की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम शंकर रैकवार बताया जा रहा है, जो रेलवे में चाबीमैन के पद पर ईशरवारा रेलवे स्टेशन पर पदस्थ थे। उनके साथ रामसेवक अहिरवार भी थे, जो उसी स्टेशन पर चाबीमैन के रूप में कार्यरत हैं। दोनों कर्मचारी रोजाना की तरह बुधवार की रात ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी बाइक से बीना लौट रहे थे। जैसे ही वे खुरई के सागर रोड स्थित आचार्य विद्यासागर तिराहा पर पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार लोडिंग आपे ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही शंकर रैकवार की जान चली गई, जबकि उनके साथी रामसेवक अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही खुरई पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल खुरई लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रामसेवक को हालत गंभीर होने पर सागर रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके से आपे चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों में शोक की लहर है। परिजन और साथी कर्मचारियों का रो-रोकर बुरा हाल है। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। सवाल ये है कि आखिर सड़कों पर ऐसी बेकाबू रफ्तार पर लगाम कब लगेगी?