बेटे ने ही लूट लिया अपना घर, 18 लाख की चोरी से टूटा परिवार का भरोसा !
एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है — जहां एक बेटे ने अपने ही परिवार को लूटकर रिश्तों के भरोसे को तार-तार कर दिया। कहावत है “घर का भेदी लंका ढाए,” और इसे हकीकत में बदल दिया एमपी के रतलाम के शुभ विहार कॉलोनी निवासी सिद्धार्थ जैन ने किया। मामला 10 अक्टूबर की रात का है।
स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में 18 लाख रुपए की चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। फरियादी चांदमल जैन ने पुलिस को बताया कि उनके घर से 78 ग्राम सोना और नकदी रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई है। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। शुरुआत में यह एक साधारण चोरी का मामला लगा, लेकिन जैसे-जैसे टेक्निकल सबूत और पूछताछ आगे बढ़ी, शक का दायरा घर के अंदर सिमटने लगा।
एसपी अमित कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि जांच में खुलासा हुआ — चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि खुद पीड़ित का बेटा सिद्धार्थ ने की थी। दरअसल, सिद्धार्थ सट्टे और शेयर मार्केट के जाल में बुरी तरह फंस चुका था। भारी नुकसान और बढ़ते कर्ज के दबाव ने उसे मानसिक रूप से तोड़ दिया था।
कर्जदाताओं से बचने के लिए उसने एक खतरनाक कदम उठाया — अपने ही घर में चोरी की योजना बनाकर उसे अंजाम दे दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सारा माल बरामद कर लिया है। एसपी अमित कुमार ने कहा — यह मामला एक चेतावनी है कि गलत रास्ते की चाहत इंसान को किस हद तक गिरा सकती है।” इस वारदात ने रतलाम ही नहीं, पूरे समाज को झकझोर दिया है। सिद्धार्थ ने भले पैसों का कर्ज उतार दिया हो, लेकिन मां-बाप के भरोसे का कर्ज शायद कभी नहीं चुका पाएगा।