Sagar -सरदार@150 यूनिटी मार्च में युवाओं की एकता की मिसाल, राष्ट्रप्रेम और सद्भाव से गूंजे शहर के रास्ते
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आज सागर में आयोजित ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ ने राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सद्भाव का अनोखा संदेश दिया। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संपन्न हुआ। भव्य पदयात्रा की शुरुआत जिला पंचायत कार्यालय से हुई, जहां स्वामी विवेकानंद की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद मार्च रवाना हुआ। लगभग 8 किलोमीटर लंबी यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों — भारत चौक, झंडा चौक, काली चौक, ओवरब्रिज, चकरा घाट, तीन बत्ती, मस्जिद चौक और अंबेडकर चौक — से होती हुई एनसीबी ग्राउंड पर संपन्न हुई। विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा — “यह केवल पदयात्रा नहीं,
बल्कि युवाओं की ऊर्जा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।” महापौर संगीता तिवारी ने उपस्थित युवाओं को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की शपथ दिलाई, वहीं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया। मार्च में एनएसएस और एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने जोशपूर्ण भागीदारी की। शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, पीएम श्री कॉलेज मकरोनिया, और एनएसएस जिला संगठक डॉ. आर. सी. प्रजापति के नेतृत्व में युवाओं ने एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम संयोजक मनीष चौबे, सह-संयोजक राहुल वैद्य और नितिन सोनी के निर्देशन में यात्रा का आयोजन हुआ। पूरे मार्ग पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा और तालियों से यात्रियों का स्वागत किया।
युवाओं ने बुंदेली लोकगीत, देशभक्ति गीतों, नुक्कड़ नाटकों और दिवारी नृत्य से एकता और संस्कृति का संगम पेश किया। समापन पर माय भारत के उपनिदेशक रोहित यादव ने सभी अतिथियों का मोमेंटो देकर सम्मान किया और धन्यवाद ज्ञापित किया। सरदार@150 यूनिटी मार्च’ सागर में युवाओं के उत्साह, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक बन गया।