फिल्म अभिनेता विजय राज पहुंचे उज्जैन बाबा महाकाल के दरबार में की पूजा-अर्चना, मंदिर समिति ने किया सम्मान
बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता विजय राज एमपी के उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दरबार में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। अपने सादगीपूर्ण स्वभाव और गंभीर अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाले विजय राज ने आज बाबा से देश और समाज की खुशहाली की कामना की। हिंदी फिल्मों के चर्चित अभिनेता विजय राज, जिन्हें दर्शक “धमाल”, “रन”, “गली बॉय” और “लुटकेस” जैसी फिल्मों से खूब पसंद करते हैं, आज उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे।
वे सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे और गर्भगृह के बाहर से पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं ने भी अभिनेता को देखकर उत्साह जताया और उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश की। दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से तहसीलदार आशीष फलवाडिया ने अभिनेता विजय राज का शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
विजय राज ने कहा कि — “उज्जैन आकर मन को अद्भुत शांति मिली। बाबा महाकाल के दर पर आकर जो ऊर्जा और सुकून मिलता है, वो कहीं और नहीं।” उन्होंने उज्जैन शहर की स्वच्छता और आध्यात्मिक माहौल की भी सराहना की।
विजय राज ने कहा कि उज्जैन सिर्फ एक धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और अध्यात्म का धड़कता दिल है।
फिल्मी पर्दे पर गंभीर और हास्य दोनों ही किरदारों से पहचान बनाने वाले विजय राज का यह आध्यात्मिक रूप देखने के बाद, उनके फैंस भी भावुक नजर आए। बाबा महाकाल के दरबार में उनकी यह भक्ति झलक, सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।