Sagar- स्कूल से लौट रहे तीन शिक्षक ट्रैक्टर की टक्कर से पहुंच गए अस्पताल और फिर
सागर जिले के खुरई से बड़ी खबर — खिमलासा थाना क्षेत्र के पथरिया जेगन गांव के पास मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बाइक सवार भाई-बहन सहित तीन शिक्षकों को एक अज्ञात ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, घायल शिक्षकों में 25 वर्षीय निखिल श्रीवास्तव, उनकी 35 वर्षीय बहन डोली खरे, दोनों निवासी बीना रोड स्थित सहोद्रा राय वार्ड खुरई, और 42 वर्षीय धर्मेंद्र सैनी, निवासी चंद्रशेखर वार्ड खुरई शामिल हैं। ये तीनों शिक्षक मालथौन के बेसरा तिराहा के पास स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाते हैं और रोजाना स्कूल से खुरई अपडाउन करते हैं।
शाम स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी पथरिया जेगन गांव के पास अचानक सामने से आए ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम, जिसमें आरक्षक जावेद हुसैन और पायलट अमित विश्वकर्मा शामिल थे, मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एंबुलेंस से खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
ड्यूटी पर तैनात डॉ. विक्रम कुमार ने बताया कि निखिल श्रीवास्तव का एक पैर फ्रैक्चर है, जबकि उनकी बहन डोली खरे के पैर में गंभीर चोटें हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत को देखते हुए उन्हें सागर के निजी अस्पताल रेफर किया गया है। तीसरे घायल धर्मेंद्र सैनी को अस्पताल में भर्ती कर उपचार जारी है।पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।