पुलिस वालों ने ही 29 पुलिसकर्मी के कटे चालान, बिना हेलमेट के ड्यूटी पर पहुंचे थे,
इंदौर में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस का हेलमेट अभियान लगातार जारी है। शहर में बढ़ते सड़क हादसों और नियमों की अनदेखी पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में ट्रैफिक पुलिस ने हाल ही में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बीते कुछ दिनों में की गई कार्रवाई के दौरान 1351 चालान बनाए गए हैं। खास बात यह रही कि इस बार पुलिस ने सिर्फ आम नागरिकों को ही नहीं, बल्कि अपने ही विभाग के कर्मियों को भी बख्शा नहीं।
29 पुलिसकर्मी, जो बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए पकड़े गए, उन पर भी चालानी कार्रवाई की गई है। ट्रैफिक डीसीपी राजेश दंडोतिया ने साफ कहा — “कानून सबके लिए समान है, चाहे आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी। नियमों का उल्लंघन करने पर किसी को छूट नहीं दी जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। ट्रैफिक पुलिस जगह-जगह पोस्टर, अनाउंसमेंट और काउंसलिंग सेशंस के जरिए नागरिकों को हेलमेट पहनने के फायदे बता रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी यह अभियान और सख्ती से जारी रहेगा।
जो लोग बिना हेलमेट या बिना वैध कागजात के वाहन चलाते पाए जाएंगे, उन पर तुरंत जुर्माना लगाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस का संदेश साफ है — हेलमेट पहनना सिर्फ कानून नहीं, जीवन की सुरक्षा है। अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें। इस अभियान के चलते शहर में जागरूकता का माहौल बना है और पुलिस उम्मीद कर रही है कि नागरिक स्वयं जिम्मेदारी समझते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे। राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी, इंदौर ने बताया कि हमारा उद्देश्य चालान भरवाना नहीं, लोगों को सुरक्षा की आदत डालना है। हेलमेट न पहनने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।”