मेले के झूले से युवती पहुँची अस्पताल, जबलपुर रेफर ! कटनी दद्दा धाम महोत्सव में
एमपी के कटनी जिले से बड़ी खबर — झिंझरी स्थित दद्दा धाम में चल रहे पंडित देव प्रभाकर शास्त्री “दद्दा जी” के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मेले में लगे झूले में सवार होने के दौरान एक युवती फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। झूला चलते समय अचानक तकनीकी खराबी आने से युवती उसमें फंस गई और उसका शरीर बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लोग इधर-उधर भागने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और आयोजन समिति को सूचना दी। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती को झूले से बाहर निकाला और तुरंत शासकीय जिला अस्पताल कटनी भेजा। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
हादसे के बाद मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोगों ने आयोजन समिति की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि झूले की तकनीकी जांच या मेंटेनेंस की व्यवस्था सही तरीके से नहीं की गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद प्रशासन और आयोजन समिति की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर सभी झूले और झूले वाले उपकरण बंद करवा दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा प्रबंधन पर्याप्त नहीं था। घटना की जांच की जा रही है और झूले के संचालक से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
शिखा गुप्ता प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि “हादसे के वक्त काफी भीड़ थी, झूला अचानक रुक गया और युवती उसमें फंस गई। अगर तुरंत मदद न मिलती तो हादसा और बड़ा हो सकता था।”