सागर नगर निगम का बड़ा फैसला! 1 नवंबर से बढ़े जलकर की दरें, हर दो साल में 5% बढ़ोतरी का नियम लागू
सागर नगर निगम ने शहरवासियों के लिए एक अहम फैसला लिया है। अब 1 नवंबर 2025 से जलकर की नई दरें लागू हो गई हैं। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने यह आदेश निगम परिषद के 27 सितंबर 2025 को हुए साधारण सम्मिलन में पारित प्रस्ताव के अनुसार जारी किया है। नई दरों के मुताबिक, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए ½ इंच साइज के सामान्य वर्ग का जलकर ₹200 तय किया गया है, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए ₹125 निर्धारित किए गए हैं। वहीं, ¾ इंच साइज के सभी वर्गों के लिए ₹1180, 1 इंच साइज के लिए ₹2100 प्रति माह जलकर देना होगा।
व्यवसायिक नल कनेक्शन वालों के लिए दरें और बढ़ाई गई हैं — ½ इंच साइज ₹1050, ¾ इंच साइज ₹2360, और 1 इंच साइज ₹4200 तय की गई हैं। इसके अलावा, बल्क सप्लाई उपभोक्ताओं को अब प्रति 1000 लीटर ₹15 देना होगा। सबसे अहम बात यह है कि हर दो वर्ष में जलकर में 5 प्रतिशत की स्वचालित वृद्धि लागू की जाएगी। यानी अब हर दो साल बाद पानी के बिल में बढ़ोतरी तय रहेगी। नगर निगम आयुक्त ने जलप्रदाय शाखा और राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 1 नवंबर से नई दरों के अनुसार बिल जारी किए जाएं और वसूली प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। इसके साथ ही, सभी रिकॉर्ड और मांग पंजी को संशोधित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम का कहना है कि यह कदम शहर में बेहतर जलप्रदाय व्यवस्था बनाए रखने और विकास कार्यों के लिए राजस्व सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया है। हालांकि, नई दरों के लागू होते ही नागरिकों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोगों ने इसे आवश्यक बताया, तो कुछ ने इसे आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला निर्णय कहा।