महिलाओं का गुस्सा फूटा! सड़क नहीं बनी तो बंद किया निगम का गेट, बोलीं अब नहीं तो आंदोलन तय
एमपी के खंडवा में गुरुवार को नगर निगम कार्यालय के बाहर महिलाओं का आक्रोश देखने को मिला। तुलसी स्टेट कॉलोनी की महिलाओं ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर निगम मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। सुबह से ही महिलाओं का हुजूम नगर निगम दफ्तर पहुंचा और मुख्य गेट बंद कर लोगों की आवाजाही रोक दी। महिलाएं हाथों में बैनर लेकर “सड़क दो - हक दो” के नारे लगाती नजर आईं। महिलाओं का कहना है कि वे कई बार आवेदन और निवेदन कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि पार्षद से लेकर इंजीनियर, निगमायुक्त और महापौर — सभी से गुहार लगाई गई, मगर सड़कों की हालत जस की तस बनी हुई है। अंजू चौहान, जो कॉलोनी की निवासी हैं, ने कहा —“हर बार हमें सिर्फ तारीख दी जाती है, सड़क नहीं। पिछली बार कहा गया था कि 15 अक्टूबर से काम शुरू होगा, लेकिन अब नवंबर आ गया और सड़क वैसी की वैसी है।” गुस्साई महिलाओं ने कहा कि वे हर बार अपने घर का काम छोड़कर आंदोलन करने मजबूर हैं।
करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने निगम उपायुक्त सचिन सितौले को ज्ञापन सौंपा।उपायुक्त ने उन्हें आश्वासन दिया कि 10 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस पर महिलाएं तो फिलहाल लौट गईं, लेकिन जाते-जाते साफ कहा — “अगर इस बार भी काम नहीं हुआ, तो अगली बार आंदोलन और बड़ा होगा।
” इधर, निगम के डिप्टी कमिश्नर सचिन सितौले ने मीडिया से कहा — “महिलाओं की मांग बिल्कुल वाजिब है। 10 दिन के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू करवा दिया जाएगा।” खंडवा नगर निगम के बाहर आज का यह प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि अब जनता विकास के वादों पर नहीं, हकीकत पर जवाब चाहती है।