बांधवगढ़ से कान्हा–मैहर–चित्रकूट–जबलपुर तक उड़ान शुरू, उमरिया हवाई मार्ग से जुड़ा
एमपी के उमरिया जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। वर्षों से बेहतर कनेक्टिविटी की उम्मीद लगाए बैठे जिले को शुक्रवार को बड़ा तोहफा मिला, जब बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से पीएम श्री हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा का शुभारंभ किया गया। इस हाई-प्रोफ़ाइल लॉन्चिंग को मानपुर विधायक व पूर्व मंत्री मीना सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इस सेवा के शुरू होने के साथ ही उमरिया, बांधवगढ़ और आसपास के इलाकों से कान्हा, मैहर, चित्रकूट और जबलपुर जैसे प्रमुख पर्यटन व धार्मिक स्थलों तक का सफर अब पहले से कहीं अधिक आसान, सुरक्षित और तेज हो गया है।
उद्घाटन समारोह में विधायक मीना सिंह ने कहा कि यह हेलीकॉप्टर सेवा जिले के पर्यटन, रोजगार और व्यापार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएगी। उन्होंने बताया कि बांधवगढ़ आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को अब लंबी सड़क यात्रा से बड़ी राहत मिलेगी, जिससे पर्यटन कारोबार में तेजी आएगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण योजना के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।
पीएम पर्यटक के संचालक सूर्या चौड़े ने जानकारी दी कि हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में चार दिन संचालित होगी। इसके अलावा, आवश्यकतानुसार चार्टर्ड हेलीकॉप्टर भी बुक कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बांधवगढ़ से जबलपुर, मैहर, कान्हा और चित्रकूट की हवाई यात्रा अब नियमित और सुविधाजनक रूप से उपलब्ध होगी। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हेलिपैड स्थल पर फायर ब्रिगेड, पुलिस बल और मेडिकल टीम की विशेष तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत उपलब्ध कराई जा सके।
स्थानीय लोगों, कारोबारियों और होटल उद्योग से जुड़े लोगों में इस सेवा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। उनका कहना है कि हवाई सेवा शुरू होने से बांधवगढ़ और उमरिया क्षेत्र में पर्यटन को नया जीवन मिलेगा। इससे ट्रैवल बिजनेस, गाइड, होटल और स्थानीय रोजगार के अवसरों में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है। पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा से न सिर्फ पर्यटक बल्कि आम नागरिकों को भी पहाड़ी और धार्मिक स्थलों तक आसान और तेज पहुंच मिल सकेगी। उमरिया के विकास की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।