Sagar - विदेशी खूंखार कुत्ते ने बच्चे को फुटबॉल जैसा पकड़ा, अस्पताल में भर्ती सर में आए 22 टांके
सागर के कैंट थाना में सदर के में पालतू कुत्ते के अटैक से एक 6 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना गुरुवार शाम की है, जब बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी पड़ोसी ने अपना कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने बच्चे पर अटैक किया और उसका सिर फुटबॉल की तरह पकड़कर झिझोड़ दिया। रॉटवीलर नस्ल के कुत्ते के अटैक से बच्चे को सिर में कई जगह दांत लगने से गहरे घाव हुए हैं।
मौके पर मौजूद बच्चे के पिता व आसपास खड़े लोगों ने जैसे-तैसे बच्चे को कुत्ते से छुड़ाया, लेकिन हमले में वह पूरी तरह लहूलुहान हो चुका था। गंभीर हालत में परिजन बच्चे को इलाज के लिए भाग्योदय अस्पताल लेकर गए, जहां उसके सिर में 22 टांके आए हैं। पिता ने बताया कि - हमले के 14 घंटे बाद बच्चा होश में आया है। और आईसीयू में भर्ती है।
घायल बच्चे के पिता जितेन्द्र यादव निवासी 15 मुहाल सदर ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि वह 12 मुहाल चौराहे पर चाय-नास्ते की दुकान चलाता है। पड़ोसी राहुल बैन अपने घर में एक रॉटवीलर नस्ल का कुत्ता पाले हैं। पिछले डेढ़ साल में राहुल बैन का कुत्ता करीब 15 लोगों पर हमला कर चुका है। बार-बार लोगों पर हमला करने को लेकर मोहल्ले वालों ने कुत्ते को हटाने का भी बोला है। लेकिन वह किसी की बात नहीं सुनते
जानकारी के अनुसार रॉटवीलर एक जर्मन कुत्ते की नस्ल है। यह एक मजबूत और शक्तिशाली नस्ल है, जो मूल रूप से मवेशियों को चराने और गाड़ियां खींचने के काम आती थी। इसके अलावा रॉटवीलर दुनिया में सबसे घातक हमला करने वाले कुत्तों में दूसरे नंबर पर है।
कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि एक पालतू कुत्ते ने बच्चों पर हमला किया था, कुत्ते का मालिक राहुल बैन आर्मी में पदस्थ है, उसके खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। बच्चा फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।