खेत में पति–पत्नी का डबल मर्डर गांव में फैली सनसनी और फिर |SAGAR TV NEWS|
एमपी के कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। निगहरा डरहा टोका गांव उस समय दहशत में आ गया जब खेत में काम कर रहे पति–पत्नी की लहूलुहान लाशें मिलीं। जैसे ही मृतकों की पहचान हुई, पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक मृतक 38 वर्षीय लल्लू राम कुशवाहा और उनकी 30 वर्षीय पत्नी प्रभा कुशवाहा रोज की तरह अपने खेत में ताकवारी (फसल की रखवाली) कर रहे थे। दोपहर तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन जब ग्रामीणों ने खेत के पास खून फैला हुआ देखा, तो पास जाकर देखा कि दोनों पति-पत्नी मृत पड़े हैं।
खून से सनी जमीन और आसपास बिखरे सामान को देखकर साफ था कि दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर लगते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खेत को चारों तरफ से घेरकर जांच शुरू कर दी। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया गया है ताकि हत्यारे तक जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस भूमि विवाद, व्यक्तिगत रंजिश और हत्या के अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। हत्याकांड की खबर फैलते ही गांव में खौफ का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटना यहां पहली बार हुई है और पूरा गांव सदमे में है।
इस दोहरे हत्याकांड ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस रात में गांव और खेतों के आसपास गश्त बढ़ाए। डीएसपी उषा राय ने कहा— “यह गंभीर मामला है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। कटनी के इस डबल मर्डर ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस जांच जारी है—और अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर इस वारदात के पीछे कौन है।